बिजनौर-नजीबाबाद नेशनल हाईवे-31 पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ग्राम चिड़ियापुर के पास तेज रफ्तार में जा रहा सोलह टायर डंपर अचानक नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े पांच बजे बिजनौर से नजीबाबाद की ओर जा रहा डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकराने के बाद सर्विस लेन की ओर खाई में गिर गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद खेतों में काम कर रहे किसानों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने डंपर का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला। चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसे प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रह सका, जिससे यह हादसा हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी वाहन स्वामी को दे दी गई है और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को रिपोर्ट भेजने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि बाद में यातायात सामान्य कर दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर लंबी दूरी के ड्राइवरों की थकान और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।