अलीगढ़। एएमयू कैंपस के पास अमरोहा के एक युवा डॉक्टर के साथ अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना में शामिल दो एएमयू छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश अभी जारी है।
क्या है पूरा मामला
अमरोहा के गजरौला क्षेत्र के नगलिया मेव निवासी डॉ. कुलवंत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 14 अप्रैल को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) कैंपस में अपनी छात्रा मित्र से मिलने आए थे। मुलाकात के बाद जब वह वापस लौट रहे थे, तभी कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि एक युवक ने खुद को एम.टेक द्वितीय वर्ष का छात्र बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद अन्य युवकों ने भी उन्हें घेर लिया और वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगे।
गंभीर धमकियों के आरोप
डॉक्टर के अनुसार, आरोपियों ने धार्मिक और आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए कहा कि “यहां सिर्फ मुस्लिमों की चलती है” और “एएमयू छोटा पाकिस्तान है।” आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई और कहा गया कि उन्हें काटकर दफना दिया जाएगा, जिससे किसी को उनका पता नहीं चलेगा।
स्थिति बिगड़ते देख डॉक्टर ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और प्रॉक्टर टीम की कार्रवाई
सूचना मिलते ही एएमयू प्रॉक्टर टीम मौके पर पहुंची और डॉक्टर को प्रॉक्टर कार्यालय ले जाया गया। वहां उनसे पूछताछ की गई और कुछ समय के लिए उनका मोबाइल भी जांच के लिए रखा गया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर दो छात्रों की पहचान की गई, जिनमें एक सुलेमान हॉल का शहबाज और दूसरा किदवई हाउस का नजीब बताया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इनमें से एक एम.टेक और दूसरा बी.टेक का छात्र है।
पुलिस का बयान
एसपी आदित्य बंसल ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जांच जारी है।