बिजनौर जिले के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव मंडोरा में दिनदहाड़े एक घर में लूट की घटना सामने आई। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय घर में महिला अकेली थी, जबकि उसका पति अमित मुरादाबाद अपने बहन का पेपर दिलवाने गया हुआ था।

गर्दन पर चाकू रखकर लूटा गया सोना
पीड़िता ने बताया कि तीन लोग दो पुरुष और एक महिला घर में घुसे। बदमाशों ने महिला की गर्दन पर चाकू रखकर उसे डराया और घर में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए।

पहले भी कर चुके थे रैकी
पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने लगभग दस दिन पहले भी गांव में रैकी की थी। उस समय वे भीख मांगने का नाटक करके घरों का हाल जानने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पूरी मेहनत की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।