बिजनौर पुलिस ने आतंकी गतिविधियों से जुड़े दो संदिग्धों उवैद मलिक और जलाल हैदर उर्फ समीर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के अनुसार, उवैद पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क में रहने के बाद नेपाल भागने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही उसे दबोच लिया गया। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, 23 नवंबर 2025 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो कॉल के जरिए कई लोग जुड़े थे। इस कॉल में सऊदी अरब में रह रहा मेरठ का निवासी आकिब, दक्षिण अफ्रीका में रहने वाला मैजुल (सौफतपुर, थाना नांगल क्षेत्र), आजाद (इनामपुरा, मेरठ) और उवैद मलिक (टांडामाईदास, थाना नगीना देहात) शामिल थे। इसी वीडियो में आकिब द्वारा कथित तौर पर एके-47 और हैंड ग्रेनेड का प्रदर्शन भी किया गया था, जिसके बाद वीडियो वायरल हो गया।

मामला सामने आने के बाद थाना नांगल में आकिब, मैजुल और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए उवैद मलिक और जलाल हैदर उर्फ समीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि आकिब, मैजुल और आजाद के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। इनमें से आजाद वर्तमान में सऊदी अरब में रह रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि उवैद करीब तीन साल पहले गुजरात में सैलून में काम करने गया था, जहां उसकी मुलाकात जलाल हैदर से हुई थी। बाद में जलाल ने उसकी पहचान आकिब और मैजुल से कराई। पूछताछ में यह भी पता चला है कि आकिब सोशल मीडिया के जरिए कथित रूप से भड़काऊ सामग्री साझा करता था और लोगों को हिंसा के लिए उकसाने की कोशिश करता था।