बिजनौर में प्रियंका गांधी के जन्मदिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के दो वरिष्ठ पदाधिकारी आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच हुई मारपीट को जिलाध्यक्ष ने रोकते हुए अलग किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मामले में फिलहाल किसी भी पक्ष ने पुलिस में तहरीर नहीं दी है।
सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में जिलेभर से कार्यकर्ता प्रियंका गांधी का जन्मदिन मनाने पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाध्यक्ष हेनरीटा राजीव सिंह द्वारा केक काटने से हुई। इसके कुछ समय बाद ही झालू के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष वसीम अकरम और नगर अध्यक्ष झालू मुकीम के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ता गया और देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। दोनों ओर से लात-घूंसे चले और कुछ देर तक हंगामा चलता रहा।
घटना के दौरान किसी कार्यकर्ता ने इसे वीडियो में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह झड़प गुटबाजी के चलते हुई। घटना की वजह जानने के लिए जब जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ नेताओं से बात की गई, तो उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट टिप्पणी देने से परहेज़ किया।