बिजनौर के एक युवक का नाम आतंकी गतिविधियों की जांच में सामने आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया है। यह युवक मैजुल बताया जा रहा है, जो फिलहाल दक्षिण अफ्रीका में रहकर सैलून का काम कर रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके संपर्क किन-किन लोगों से रहे हैं और उसका नेटवर्क कितना बड़ा है।
इस बीच दुबई में मौजूद मेरठ निवासी आकिब ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी भरे बयान दिए। बताया जा रहा है कि उसने अपने वीडियो में मीडिया और सरकारी तंत्र को निशाना बनाया।
दरअसल, उत्तर प्रदेश एटीएस इन दिनों पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध हैंडलरों के जरिए सक्रिय स्लीपर मॉड्यूल की जांच कर रही है। हाल ही में एटीएस ने मेरठ निवासी साकिब उर्फ डेविल और अरबाब के साथ गौतमबुद्धनगर के विकास उर्फ रौनक तथा लोकेश उर्फ पपला पंडित को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार साकिब का संपर्क मेरठ के आकिब से था और दोनों के बीच इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत होती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि बिजनौर के नांगल थाना क्षेत्र के गांव सौफतपुर का रहने वाला मैजुल भी आकिब के संपर्क में था। इसी वजह से अब पुलिस मैजुल के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। बिजनौर के एसपी अभिषेक झा ने बताया कि मैजुल के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया गया है और उससे जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हथियारों के साथ वीडियो हुआ था वायरल
पिछले साल नवंबर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें आकिब, मैजुल समेत चार लोग दिखाई दिए थे। वीडियो में आकिब कथित तौर पर एके-47 राइफल और हैंड ग्रेनेड जैसे हथियार दिखाता नजर आया था। इस मामले में 23 नवंबर को बिजनौर के नांगल थाने में मैजुल (सौफतपुर निवासी), आकिब खान (सठला, मवाना, मेरठ निवासी) और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
पहले बंद कर दी गई थी जांच
बताया जाता है कि उस समय नांगल पुलिस ने आकिब से वीडियो कॉल पर बातचीत करने के बाद मामले में अंतिम रिपोर्ट लगा दी थी। हालांकि बाद में एटीएस की जांच में संदिग्ध आतंकी कनेक्शन सामने आने पर बिजनौर पुलिस ने केस को दोबारा खोल दिया। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और मैजुल के संपर्क में आए अन्य युवकों की भी तलाश की जा रही है।