नई दिल्ली – दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर यमुना नदी क्षेत्र में हो रहे अवैध रेत खनन पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आग्रह किया कि दिल्ली-यूपी सीमा से सटे यमुना क्षेत्र में इस अवैध गतिविधि पर तत्काल रोक लगाई जाए, क्योंकि इससे तटबंधों की मजबूती पर असर पड़ रहा है और बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) द्वारा इस मामले में जताई गई चिंताओं का भी हवाला दिया है। उन्होंने लिखा कि यह अंतरराज्यीय प्रकृति का मामला है, जिस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए दिल्ली और उत्तर प्रदेश सरकारों के बीच समन्वय और संयुक्त प्रवर्तन व्यवस्था की आवश्यकता है।
रेखा गुप्ता ने इस बात पर भी जोर दिया कि अवैध रेत खनन से पर्यावरण को गंभीर क्षति हो रही है, जो आगे चलकर यमुना के पारिस्थितिक तंत्र के लिए संकट बन सकती है। उन्होंने कहा कि इससे नदी किनारे रहने वाले समुदायों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जो जलवायु और भौगोलिक असंतुलन का कारण बन सकता है।
पत्र में सीएम गुप्ता ने यह भी लिखा है कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल कई बार यमुना में हो रहे अवैध खनन को लेकर सख्त टिप्पणी कर चुका है और इसके दुष्परिणामों पर चिंता जताई है। उन्होंने सीएम योगी से अपील की है कि प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर, दोनों राज्यों के बीच सीमांकन और निगरानी के लिए संयुक्त कार्रवाई को गति दें।