राजधानी लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को आस्था और उल्लास के प्रतीक छठ महापर्व की भव्य छटा देखने को मिली। शाम के समय व्रतधारी महिलाओं ने अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजन किया और परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।
लखनऊ में छठ पूजा के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की थीं। गोमती नदी के तट पर स्थित लक्ष्मण मेला मैदान को दीपों, रंग-बिरंगी झालरों और सजावटी वस्तुओं से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा और स्वच्छता की पुख्ता व्यवस्था की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और महापौर सुषमा खर्कवाल ने भी लक्ष्मण मेला मैदान पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और प्रदेशवासियों के सुख-शांति की कामना की। इस दौरान सीएम योगी को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए और ‘जय श्रीराम’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति की गहरी आस्था और लोक परंपरा का प्रतीक है, जो प्रकृति और मानव के अटूट संबंध को दर्शाता है।