उत्तर प्रदेश में ठंडी पछुआ हवाओं के साथ सर्द मौसम ने दस्तक दे दी है। बुधवार को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी संभागों के कई शहरों में रात का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। दिन के समय हल्की धूप खिली रही, जबकि 25 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी पछुआ हवाओं ने मौसम में ठंडक बरकरार रखी।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटे में प्रदेश में दिन और रात का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे इस सर्दी में तेज ठंड पड़ने की संभावना जताई जा रही है। अगर तापमान इसी तरह गिरता रहा तो जल्द ही प्रदेश में कोल्ड वेव यानी शीतलहर का असर महसूस किया जा सकता है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सुबह के समय प्रदेश के कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि पछुआ हवाओं के कारण फिलहाल घने कोहरे की संभावना नहीं है।