आजमगढ़ हमेशा ही समाजवादियों का गढ़ रहा है। यह नेताजी की कर्मभूमि रही है। नेता जी सदैव आजमगढ़ को अपना दिल समझते थे। मुख्यमंत्री रहते अखिलेश ने भी जिले के विकास को नया आयाज देने का काम किया है। बीते 10 सालों में भाजपा की सरकार में हर तरफ बर्बादी का ही मंजर दिखा है।
उक्त बातें मैनपुरी सांसद व सपा नेता डिंपल यादव ने मंगलवार को आजमगढ़ सीट से सपा प्रत्याशी के समर्थन में मेंहनगर विधान सभा के खरिहानी बाजार स्थित बंतरिया बाग में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ के विकास में समाजवादी पार्टी की सरकारों का बहुत योगदान रहा है।
सपा मुखिया ने आजमगढ़ के विकास को आगे बढ़ाने के लिए ही धर्मेंद्र को यहां से प्रत्याशी बनाया है। सांसद डिंपल यादव ने कहा कि यह चुनाव परिवर्तन का चुनाव है, संविधान को बचाने का चुनाव है। वर्तमान भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ी है। वहीं व्यापारियों का व्यापार चौपट हो गया है। किसान बदहाल है। ऐसे में आजमगढ़ की जनता से अपील है कि इंडी गठबंधन के प्रत्याशी को इस चुनाव में जीत दर्ज करा कर नए सरकार के गठन में अहम भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि आज युवा रोजगार पाने के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहा है। आर्थिक रूप से देश कमजोर हुआ है। ऐसे में तीसरी बार सरकार बनाने का सपना देख रहे भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना है। संविधान को बदलने की बात करने वाली वर्तमान सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने आजमगढ़ की जनता से अपील किया कि मैनपुरी से अधिक मतों से आजमगढ़ से पार्टी प्रत्याशी को जीत दर्ज करा कर समाजवाद को बुलंद करने का काम करें। डिंपल यादव अपने निर्धारित समय से एक घंटा लेट कार्यक्रम स्थल पर पहुंची और जनसभा को 22 मिनट संबोधित किया।
भोजपुरी से की भाषण की शुरुआत
आजमगढ़ सदर लोकसभा क्षेत्र के मेहनगर अंतर्गत खरिहानी बाजार में आयोजित जनसभा में डिंपल यादव ने भोजपुरी बोलकर अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आप सबके प्रणाम करत हई, एकरे साथे इ पवित्र पावन धरती के भी हाथ जोड़के नमन करत हई। इ जवन आजमगढ़ हौ न, ई हमअन के करेजा में में बसल बा। तू लोगन का प्यार हमहन के साथे हमेशा बन रहे।