लखनऊ। उप राष्ट्रपति पद के इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार, न्यायमूर्ति बी सुदर्शन रेड्डी मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सांसदों से समर्थन मांगने लखनऊ पहुंचे। प्रदेश सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यह पद राजनीतिक नहीं बल्कि संवैधानिक है और सभी दलों को इसे पारंपरिक संवैधानिक मूल्यों के आधार पर समर्थन देना चाहिए।
सुदर्शन रेड्डी ने बताया कि उन्हें इंडिया गठबंधन के विपक्षी दलों ने इस पद का उम्मीदवार बनाया है, और इस संबंध में वे सभी दलों के आभारी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन में शामिल न होने वाले कुछ दल भी उनका समर्थन देने के लिए आगे आए हैं। उनका जोर था कि उप राष्ट्रपति का पद उच्च संवैधानिक दायित्व वाला है और वे संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा खड़े रहेंगे।
उन्होंने अपने समर्थन के लिए सपा समेत अन्य दलों का आभार व्यक्त किया और अपील की कि सभी दल उनके गुण-दोष के आधार पर मतदान करें। सल्वा जुडुम मामले पर भाजपा की आलोचना पर उन्होंने कहा कि इस विषय में उन्होंने पहले ही अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि न्यायमूर्ति बी सुदर्शन रेड्डी उप राष्ट्रपति पद के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार हैं। उन्होंने बताया कि रेड्डी ने संविधान, न्याय और नागरिक अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया है और ऐसे उम्मीदवार के पक्ष में वोट देना देशहित में है।
न्यायमूर्ति रेड्डी का एयरपोर्ट से लेकर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय तक जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान कांग्रेस और सपा के कई वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक मौजूद रहे।