हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर। मोहल्ला आदर्श नगर में 18 मार्च को हुई राजपाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर चौंकाने वाले तथ्य सामने लाए हैं। जांच में पता चला कि हत्या का कारण कोई बाहरी दुश्मनी नहीं, बल्कि अवैध प्रेम संबंध था। पुलिस के अनुसार, राजपाल की पत्नी रजनी और उसके प्रेमी बंटी ने मिलकर योजना बनाकर उसे लाठी से पीटकर मार डाला।
कंटीले तारों में मिला शव
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि शव कब्रिस्तान के पास कंटीले तारों में उलझा हुआ मिला। प्रारंभ में मामला संदिग्ध था, लेकिन सख्त पूछताछ के बाद हत्यारोपियों की पूरी साजिश सामने आई।
जान बचाने के लिए भागा राजपाल
पूछताछ में आरोपीयों ने स्वीकार किया कि 17 मार्च की रात को घर में ही राजपाल के मुंह और शरीर पर डंडे से कई वार किए गए। जान बचाने के लिए राजपाल घर से भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते रहे। भागते-भागते वह कब्रिस्तान के पास कंटीले तारों में उलझ गया, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और सामान्य व्यवहार करने लगे, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने संदेह होने पर दोनों आरोपियों को घर से पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में पूरी सच्चाई सामने आई। दोनों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
प्रेमी बंटी का पेशा
पुलिस ने बताया कि रजनी और बंटी के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। राजपाल कई बार इस संबंध का विरोध कर चुका था। आरोपी बंटी ठेला लगाकर आइसक्रीम बेचता था, वहीं रजनी के साथ मिलकर उसने हत्या की साजिश रची।