उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक महिला ने पुलिस की कार्रवाई न होने पर मेरठ गेट चौकी में तोड़फोड़ की। महिला ने चौकी में रखी कुर्सियां फेंककर तोड़ीं और हंगामा किया। इस दौरान चौकी पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला ने बताया कि दो दिन पहले उनके बच्चे का आधार कार्ड बनवाने के सिलसिले में उनकी ननदोई से विवाद हो गया था। आरोप है कि ननदोई ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद महिला पुलिस चौकी गई लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। उलटे, चौकी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने उन्हें डांट लगाई, जिससे महिला और अधिक नाराज हो गई।
महिला अपने छोटे बच्चे के साथ मंगलवार की रात चौकी पहुंची। इस दौरान चौकी पर कोई कर्मचारी तैनात नहीं था। महिला ने गुस्से में चौकी में रखी कुर्सियां और अन्य सामान फेंककर नुकसान किया।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि महिला मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा और मामले की जांच जारी है।