अल्मोड़ा। होली के त्योहार से पहले जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने इलाके में शोक की लहर फैला दी। अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर बसौली के पास गुरुवार को एक कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में डेढ़ साल के मासूम सहित तीन लोगों की जान चली गई, जबकि तीन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली नंबर की कार (डीएल-9सी-बीएच-8402) में सवार लोग अल्मोड़ा की ओर जा रहे थे। बसौली क्षेत्र में पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही ताकुला पुलिस चौकी की टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका है कि वाहन के अनियंत्रित होने से हादसा हुआ।
त्योहार से पहले हुए इस हादसे से प्रभावित परिवारों में गहरा दुख है और क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।