लखनऊ। दुबग्गा क्षेत्र में बिजली संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। एफसीआई उपकेंद्र के आदर्श विहार फीडर से जुड़े करीब चार हजार उपभोक्ताओं को सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक लंबी बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। उमस भरे मौसम में घंटों बिजली न आने से नाराज लोग आधी रात को उपकेंद्र पहुंच गए और विरोध जताया।
स्थिति तनावपूर्ण होती देख वहां मौजूद कर्मचारियों ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए कार्यालय के भीतर बंद कर लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और जल्द आपूर्ति बहाल कराने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
बिजली विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि कई इलाकों में बिजली चोरी और बढ़ते लोड के कारण केबल बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही हैं। इससे आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है और उपभोक्ताओं की नाराजगी बढ़ रही है।
कर्मचारियों की कमी से बढ़ रही मुश्किलें
एफसीआई उपकेंद्र पर फिलहाल केवल 15 कर्मचारी तैनात हैं, जबकि यहां 26 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जिम्मेदारी है। कर्मचारियों का कहना है कि सुचारु संचालन के लिए कम से कम 30 कर्मियों की आवश्यकता है। स्टाफ की कमी के चलते शिकायतों के समाधान और तकनीकी कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं।
ट्रांसफार्मर फुंकने से बढ़ी परेशानी
प्रतीक विहार कॉलोनी में 250 केवीए ट्रांसफार्मर में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों से आसपास की केबल भी क्षतिग्रस्त हो गई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बाद में लगाया गया 400 केवीए का नया ट्रांसफार्मर भी अधिक लोड के कारण कुछ ही घंटों में खराब हो गया। लगातार ट्रांसफार्मर खराब होने से क्षेत्र के लोगों को करीब 10 घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा।
मुनेश्वरपुरम में 15 दिन से वोल्टेज की समस्या
दुबग्गा-पारा क्षेत्र की मुनेश्वरपुरम कॉलोनी में पिछले दो सप्ताह से हाई और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एबीसी और न्यूट्रल लाइन जलने की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
कई इलाकों में केबल में आग, बिजली सप्लाई प्रभावित
जानकीपुरम, फैजुल्लागंज और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर केबल में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इससे कई ट्रांसफार्मरों से जुड़े उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। विभागीय टीमों ने क्षतिग्रस्त केबल बदलकर आपूर्ति बहाल की।
11 उपकेंद्रों की सप्लाई एक साथ ठप
मंगलवार रात ट्रांस गोमती क्षेत्र में अचानक 11 उपकेंद्रों से बिजली आपूर्ति बंद हो गई, जिससे कई इलाकों में करीब 15 मिनट तक अंधेरा छाया रहा। बिजली अधिकारियों के अनुसार तेज आंधी और बिजली कड़कने के कारण ट्रांसमिशन सिस्टम ने स्वतः ट्रिप कर लिया था। तकनीकी जांच के बाद कुछ ही देर में सप्लाई सामान्य कर दी गई।
इस घटना से जानकीपुरम, विकास नगर, महानगर, कपूरथला, निराला नगर समेत कई क्षेत्रों के उपभोक्ता प्रभावित हुए।