उत्तर प्रदेश के एक कस्बे में साली की शादी कराने वाले एक युवक की जिंदगी दर्दनाक तरीके से खत्म हो गई। शादी समारोह में कथित तौर पर सम्मान न मिलने से आहत होकर उसने जहर खा लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, श्रीनगर कस्बे के मोहल्ला जिम्मेदारी निवासी अशोक कुमार (25) खेती-किसानी के काम में अपने पिता का सहयोग करता था। उसके परिवार में पत्नी सती, 5 साल का बेटा आदर्श और 3 साल की बेटी हिमांशी हैं। अशोक ने अपनी साली की शादी अपने चचेरे भाई के साथ तय कराई थी।

15 मई को कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के सुगिरा गांव में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में यह शादी संपन्न हुई थी। इस कार्यक्रम में अशोक अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ शामिल हुआ था। परिजनों का आरोप है कि समारोह के दौरान दूल्हे और दुल्हन दोनों पक्षों की ओर से उसे अपेक्षित सम्मान नहीं दिया गया, जिससे वह काफी आहत हो गया।

घटना के बाद अशोक घर लौट आया और कुछ समय बाद खेतों की ओर चला गया, जहां उसने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि शादी समारोह में हुई अनदेखी और अपमान की वजह से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।