बरेली में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर एक स्कूल संचालक से करीब 49.43 लाख रुपये की बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 30 लाख रुपये बैंक खातों में ही होल्ड करा दिए हैं। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कराया है और जांच जारी है।
शाहजहांपुर निवासी आलोक दुबे, जो बरेली के आशीष रॉयल पार्क में परिवार के साथ रहते हैं और साझेदारी में एक निजी स्कूल चलाते हैं, ने बताया कि उन्हें 16 जनवरी को “अंश कुमार” नामक व्यक्ति ने कॉल किया था। कॉल करने वाले ने शेयर बाजार में निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच दिया।
लिंक भेजकर कराया ऐप डाउनलोड
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए एक लिंक भेजकर “SMC ब्रोकिंग” नाम का ऐप डाउनलोड कराया और केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराकर उसमें खाता खुलवाया। इसके बाद निवेश के नाम पर धीरे-धीरे रकम ट्रांसफर कराई जाती रही।
जब पीड़ित ने अपने पैसे निकालने की कोशिश की तो उन्हें बताया गया कि 26 अप्रैल तक जमा की गई राशि फ्रीज कर दी गई है। इसके बाद वह ऐप भी बंद हो गया।
नए ऐप और अलग नाम से जारी धोखाधड़ी
इसके बाद ठगों ने “स्टार इन्वेस्टमेंट” नाम का एक नया ऐप डाउनलोड कराया, जिसमें निवेश की गई रकम दिखाई दे रही थी, लेकिन उसे निकालना संभव नहीं था।
पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उनसे कमीशन और जीएसटी के नाम पर भी अतिरिक्त पैसे वसूले गए। बाद में “अंश कुमार” की जगह “अमन तिवारी” नामक व्यक्ति ने संपर्क करना शुरू किया और एक महीने में ब्याज सहित रकम लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन कोई पैसा वापस नहीं मिला।
26 जनवरी से 26 अप्रैल के बीच आरोपियों ने पीड़ित से कुल 49,43,898 रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए।
शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई
साइबर क्राइम थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि पीड़ित ने 1930 हेल्पलाइन और साइबर थाने में तुरंत शिकायत दर्ज कराई। समय रहते कार्रवाई होने से करीब 30 लाख रुपये संबंधित बैंक खातों में फ्रीज करा दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह राशि पीड़ित को वापस दिलाई जाएगी। वहीं मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।