वृंदावन। संत प्रेमानंद महाराज के राधा केली कुंज आश्रम में एकांतिक दर्शन और व्यक्तिगत संवाद की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। आश्रम प्रशासन ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और बेहतर प्रबंधन को देखते हुए नया टोकन सिस्टम लागू किया है। नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को पहले दिन निर्धारित समय पर लाइन में लगना होगा, जिसके बाद शाम को उनके हाथ पर क्रम संख्या अंकित कर टोकन दिया जाएगा।
नए नियमों के अनुसार, टोकन प्राप्त करने वाले श्रद्धालु अगले दिन सुबह 8:15 बजे गौतम ऋषि आश्रम पहुंचेंगे। वहां पहले से मिले टोकन के आधार पर उन्हें एकांतिक वार्तालाप या दर्शन के लिए प्रवेश दिया जाएगा। आश्रम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस प्रक्रिया को और सरल बनाने की तैयारी है, ताकि श्रद्धालुओं को शाम के समय ही अंतिम टोकन मिल सके और वे अगले दिन सीधे दर्शन कर सकें।
गौरतलब है कि संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर बीते कुछ समय से अलग-अलग चर्चाएं सामने आती रही हैं। इसी बीच हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह यमुना खादर क्षेत्र में स्कूटी चलाते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल से रिकॉर्डिंग शुरू कर दी थी, जिसे उनके साथ चल रहे शिष्यों ने रोकने का प्रयास किया।
संत प्रेमानंद महाराज की एक झलक पाने के लिए वृंदावन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। एकांतिक वार्तालाप के दौरान लोग उनसे जीवन, भक्ति और आध्यात्म से जुड़े सवाल पूछते हैं, जिनका वह विस्तार से उत्तर देते हैं। उनकी वाणी को जीवन की दिशा देने वाली मानते हुए न केवल आम श्रद्धालु, बल्कि देश-विदेश से आने वाली कई जानी-पहचानी हस्तियां भी उनसे मिलने पहुंचती हैं।