सरधना। नगर के दौराला सड़क के पास स्थित एक धार्मिक स्थल के निकट अटके नाले में जमा गंदा पानी स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। नियमित सफाई न होने के कारण नाले का गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे राहगीरों और आस-पास रहने वालों को काफी कठिनाई हो रही है।

स्थानीय निवासी बताते हैं कि यह समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने अब तक इस पर ठोस कदम नहीं उठाए। धार्मिक स्थल पर नमाज अदा करने वाले लोगों को गंदगी और बदबू के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे रोष बढ़ता जा रहा है। मोहल्ले के लोग उस्मान मिर्जा, समद, अनस, अफजाल और महताब का कहना है कि उन्होंने कई बार लिखित शिकायतें दीं, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने तक नहीं पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द नालों की सफाई नहीं कराई गई तो उन्हें आंदोलन करना पड़ेगा। वे नगर पालिका से तत्काल सफाई अभियान चलाकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग कर रहे हैं।

इस मामले पर नगर पालिका की चेयरपर्सन सबीला बेगम ने कहा कि नगर में लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही टीम भेजकर नालों की सफाई कराई जाएगी।