मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक होटल पर छापा मारकर देह व्यापार के अवैध रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान होटल संचालक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन युवतियों को मौके से सुरक्षित बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार से जुड़े मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, एनएच-58 बाईपास के पास स्थित ‘रूम टू होटल’ में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की पुष्टि के बाद बृहस्पतिवार शाम पुलिस टीम ने होटल पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान दो ग्राहक मौके से पकड़े गए, जिनकी पहचान ब्रह्मपुरी निवासी केशव और जानी क्षेत्र के भवी गांव निवासी रोहन चौधरी के रूप में हुई है।

जांच के दौरान सामने आया कि होटल का संचालन पिछले करीब 15 दिनों से दौराला क्षेत्र के वलीदपुर गांव निवासी प्रिंस उर्फ रॉयल और खेड़ी गांव निवासी अंकुर सिवाच कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को भी हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने तीन महीने पहले होटल को किराये पर लिया था। प्रिंस रिसेप्शन का काम संभालता था, जबकि अंकुर ग्राहकों और युवतियों की व्यवस्था तथा सौदे तय करने में भूमिका निभाता था।

मौके से बरामद तीन युवतियां असम, पश्चिम बंगाल और लखनऊ की रहने वाली हैं। पुलिस के अनुसार तीनों बालिग हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से आपत्तिजनक सामग्री, डिजिटल पेमेंट डिवाइस, चार मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है। ब्रह्मपुरी क्षेत्राधिकारी सौम्या अस्थाना ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।