दिल्ली-मेरठ नमो रेल अब अगले तीन दिनों में सराय काले खां तक पहुँचने लगेगी। फिलहाल यह ट्रेन न्यू अशोक नगर तक ही चल रही थी। इस विस्तार से यात्रियों को नमो रेल के जरिए भारतीय रेलवे, दिल्ली मेट्रो और बस सेवाओं तक सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी। ट्रेन का ट्रायल रन शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को दोनों कॉरिडोर का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।

उद्घाटन के बाद आम यात्री सराय काले खां मेगा ट्रांसपोर्ट हब से आसानी से अपनी मंजिल के लिए अन्य वाहन पकड़ सकेंगे। मेरठ साउथ नमो स्टेशन से बेगमपुल तक भी इस ट्रेन के जरिए यात्रा संभव होगी।

दिल्ली-मेरठ नमो कॉरिडोर का न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ नमो स्टेशन तक का लगभग 55 किलोमीटर लंबा हिस्सा पहले ही चालू है। अब सराय काले खां से न्यू अशोक नगर का लगभग पांच किलोमीटर लंबा सेक्शन तैयार हुआ है, वहीं मेरठ साउथ से मोदिपुरम का 21 किलोमीटर का हिस्सा भी पूरी तरह तैयार है। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को पहली बार नमो रेल सराय काले खां से बेगमपुल तक चलेगी। इस ट्रायल में वरिष्ठ अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

साथ ही, मेरठ मेट्रो का निर्माण भी पूरा हो गया है। 23 किलोमीटर लंबी इस मेट्रो में कुल 13 स्टेशन हैं। 22 फरवरी को इसके उद्घाटन के बाद मेरठ शहर के भीतर और नमो रेल तक पहुंचना आसान हो जाएगा। इससे यात्रियों को निजी वाहन का सहारा लेने की आवश्यकता नहीं रहेगी।