मुजफ्फरनगर। शहर की पॉश कॉलोनियों में शामिल एटूजेड कॉलोनी में सोमवार को बिजली विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। विभाग की विशेष टीम ने कॉलोनी में बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाते हुए सैकड़ों घरों के बिजली कनेक्शनों और मीटरों की पड़ताल की। जांच के दौरान दो मकानों में मीटर से छेड़छाड़ कर अवैध रूप से बिजली इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान कॉलोनी की करीब 200 से 250 कोठियों की जांच की गई। तकनीकी टीम ने मीटरों की गहन जांच की, जिसमें दो उपभोक्ताओं के मीटर संदिग्ध पाए गए। आगे की जांच में मीटर के साथ छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करने की पुष्टि होने पर दोनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई।
विभाग ने दोनों मामलों में विद्युत थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह अभियान मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता, अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार यादव और अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह के निर्देशन में चलाया गया। खास बात यह रही कि कार्रवाई शहर की उस कॉलोनी में हुई, जहां बड़े कारोबारी और संपन्न परिवार निवास करते हैं। ऐसे में जांच के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे और विभागीय कार्रवाई को करीब से देखा।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान मीटरों की तकनीकी जांच के साथ बिजली खपत के रिकॉर्ड का भी मिलान किया गया। जिन दो मकानों में अनियमितता मिली, उनके खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अभियान में सहायक अभियंता (रेड) राघवेन्द्र कुमार, सहायक अभियंता (मीटर) कपिल मुनि, सहायक अभियंता दिनेश कुमार, सहायक अभियंता सतेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मीटर से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें और समय पर बिजली बिल का भुगतान करें। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।