मुजफ्फरनगर: ककरौली थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के घर से अचानक गायब होने का मामला पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा निकला। महिला दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह अपने प्रेमी के साथ चली गई। आरोप है कि जाते समय वह घर में रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी अपने साथ ले गई।

घटना के बाद परेशान पति ने पहले पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई। बाद में उसे संदेह हुआ कि नई मंडी थाना क्षेत्र के बिलासपुर निवासी जावेद उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद उसने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, जिस पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर गठित टीम ने महिला और आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार पांच दिनों तक विभिन्न स्थानों पर दबिश देने और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद पुलिस को सफलता मिली। सोमवार को मिली सूचना के आधार पर जौली मार्ग पर खोकनी गांव के समीप घेराबंदी कर मुख्य आरोपी जावेद और उसके साथी फैज को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने महिला को भी बरामद कर लिया है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से घर से ले जाए गए अधिकांश जेवर और नकदी भी बरामद कर ली गई है। बरामद सामान में करीब एक लाख रुपये नकद, चांदी की तगड़ी, पायल, बिछुए, अंगूठी, मंगलसूत्र तथा सोने के टॉप्स, नथ और अन्य आभूषण शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना की योजना पहले से बनाई गई थी या यह अचानक लिया गया फैसला था। फिलहाल महिला की बरामदगी, आरोपियों की गिरफ्तारी और जेवर-नकदी की रिकवरी को पुलिस अपनी बड़ी कामयाबी मान रही है।