मुजफ्फरनगर: रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव कल्याणपुर में घर में घुसकर युवक पर किए गए जानलेवा हमले का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। घटना को नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इससे परिवार में भय और नाराजगी का माहौल है।

हमले में गंभीर रूप से घायल युवक आबिद का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। आबिद का कहना है कि उसके बड़े भाई का कुछ लोगों के साथ वाहन के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते चार से पांच लोग हथियारनुमा सरिए और लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए और उस पर हमला कर दिया।
आबिद ने आरोप लगाया कि राशीद, ओसामा और उनके अन्य साथियों ने उसे जान से मारने की नीयत से बेरहमी से पीटा। उसने बताया कि हमलावरों ने उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसकी आंखों से धुंधला दिखाई दे रहा है और लगातार चक्कर आने की शिकायत बनी हुई है।

घायल युवक के अनुसार, शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। आबिद का कहना है कि उसके छोटे-छोटे बच्चे हैं और आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मामले में मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन नौ दिन बीत जाने के बावजूद किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
वहीं, रतनपुरी थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। उनका दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।