मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र से जुड़े एक विवादित प्रकरण को लेकर सोमवार को पीड़ित परिवार संयुक्त वैश्य मोर्चा के प्रतिनिधियों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। यहां परिवार ने सुरक्षा देने, मुकदमे में गंभीर धाराएं जोड़ने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई।

पीड़ित पक्ष के नरेश अग्रवाल और शशि प्रभा ने अधिकारियों को बताया कि हमला करने वाला आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है, जिससे परिवार के सभी सदस्य भय के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।


शशि प्रभा ने कहा कि हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। उनके हाथ और पैर में चोट होने के कारण मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में उपयुक्त धाराएं बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।

परिवार की शिकायत सुनने के बाद नोडल अधिकारी एवं सीओ डॉ. रवि शंकर मिश्रा ने संबंधित थाना पुलिस से तत्काल बातचीत की। उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मेडिकल और एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद मुकदमे में आवश्यक धाराएं जोड़ी जाएंगी।

सीओ ने बताया कि पुलिस जल्द ही मामले में चार्जशीट दाखिल करेगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने साफ कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की दबंगई या गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान संयुक्त वैश्य मोर्चा के पदाधिकारी और सदस्य भी पीड़ित परिवार के साथ मौजूद रहे। उन्होंने निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की।