मुजफ्फरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को गति दे दी है। इसी सिलसिले में सोमवार को उत्तर प्रदेश के एडीजी ट्रैफिक ए. सतीश गणेश ने मुजफ्फरनगर पहुंचकर यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
एडीजी ट्रैफिक ने दिल्ली–देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर निरीक्षण करते हुए उत्तर प्रदेश–उत्तराखंड सीमा तक पूरे रूट का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुरकाजी थाना क्षेत्र के भूराहेड़ी चेकपोस्ट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन और अन्य तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं और सुरक्षा इंतजामों को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी रहे।

इस दौरान सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह, मुजफ्फरनगर एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी ट्रैफिक अतुल चौबे सहित पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।