मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र में एक होटल से खरीदे गए चिकन में मरी हुई छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि यह चिकन खाने के बाद एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर पहुंचकर सैंपल जांच के लिए भेज दिए और संबंधित होटल को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मीरापुर के मोहल्ला पछाला निवासी मोहित सोमवार शाम अपने रिश्तेदार रोहन के साथ बस स्टैंड के पास स्थित अल करीम होटल से चिकन लेकर गया था। बताया जा रहा है कि घर पहुंचकर जब चिकन खाया जा रहा था, तभी उसमें मरी हुई छिपकली दिखाई दी।
आरोप है कि इसके बाद रोहन की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजन उसे तत्काल जानसठ सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल और फिर मेरठ रेफर कर दिया।
मंगलवार दोपहर इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। इसके बाद सीओ जानसठ ऋषिका सिंह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार पुलिस टीम के साथ होटल पहुंचे और जांच की।
निरीक्षण के दौरान होटल में गंदगी पाए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने चिकन के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए, जबकि पुलिस और प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया।