मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित नुमाइश कैंप इलाके में कथित अवैध निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों और प्रशासन के बीच विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में प्रमोद कुमार ने क्षेत्र के कई निवासियों के साथ मिलकर जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एसडीएम सदर के रसोइये चंदन सिंह ने सार्वजनिक रास्ते और मंदिर से जुड़ी जमीन पर अवैध निर्माण कर लिया है। शिकायतकर्ताओं ने अपने आरोपों के समर्थन में फोटो भी प्रशासन को सौंपे हैं।


प्रमोद कुमार का कहना है कि आरोपी ने मंदिर के पास स्थित सार्वजनिक मार्ग पर रसोई का निर्माण कर दिया है और मंदिर की छत को अपने मकान से जोड़कर अतिरिक्त निर्माण किया गया है, जिससे क्षेत्र का रास्ता बाधित हो रहा है और लोगों को आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं।

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने इस निर्माण का विरोध किया तो संबंधित व्यक्ति ने अभद्र व्यवहार किया और एसडीएम का नाम लेकर दबाव बनाने की कोशिश की।


शिकायत में यह भी कहा गया है कि मंदिर के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर उसे निजी उपयोग में लेने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही विरोध करने वालों को धमकी दिए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

मामले को लेकर मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग की है और अवैध निर्माण हटाने के साथ दोषियों पर कार्रवाई की अपील की है। प्रशासन ने शिकायत मिलने के बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।