मुजफ्फरनगर में एक बार फिर एक युवती से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पुरकाजी निवासी मोहम्मद समीर ने इंस्टाग्राम पर “सागर” नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर एक हिंदू युवती से संपर्क किया और धीरे-धीरे उसे प्रेम जाल में फंसाया।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसका भरोसा जीतने के बाद उसे एक होटल में बुलाया, जहां कथित रूप से नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं, इस दौरान आरोपी द्वारा वीडियो रिकॉर्डिंग भी किए जाने का आरोप है।
पीड़िता के मुताबिक, इसी वीडियो के आधार पर आरोपी उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा और पैसे की मांग करता था। लगातार घर से पैसे गायब होने पर परिवार को शक हुआ, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर पूरा मामला सामने आया। इसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद पीड़िता अपनी मां और कुछ सामाजिक संगठनों के साथ शनिवार देर रात सिविल लाइन थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। परिवार ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस मामले को लेकर सामाजिक संगठनों की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है और पुलिस से जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।