मुजफ्फरनगर में जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और आधुनिक तकनीक के माध्यम से संपन्न कराने की योजना है, जिससे डेटा संग्रह अधिक तेज और पारदर्शी हो सके।

इस बार नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा भी दी जा रही है। ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ की प्रक्रिया 7 मई से 21 मई तक चलेगी, जिसके तहत लोग सरकारी पोर्टल पर जाकर अपनी जनगणना खुद भर सकेंगे। इससे न केवल प्रक्रिया आसान होगी बल्कि आंकड़ों की सटीकता भी बढ़ेगी।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार के अनुसार, जनगणना का पहला चरण ‘मकान सूचीकरण और गणना’ 22 मई से शुरू होकर 20 जून 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।
प्रशासन का कहना है कि जनगणना केवल जनसंख्या का आंकड़ा नहीं है, बल्कि इसके जरिए शिक्षा, रोजगार, आर्थिक स्थिति और सामाजिक ढांचे से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जाती हैं, जिनका उपयोग भविष्य की योजनाओं में किया जाता है।
इसी उद्देश्य से जिले में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें युवाओं, सामाजिक संगठनों और मीडिया की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय प्रक्रिया में सक्रिय रूप से हिस्सा लें और समय पर अपनी जानकारी दर्ज कर सहयोग करें।