मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और गांजा तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें से दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि पुलिस टीम सिसौना रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सिसौना कट के पास एक छोटा हाथी और एक क्रेटा कार संदिग्ध हालत में आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वाहन सवार भागने की कोशिश करने लगे।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसके बाद कुछ देर चली मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। वहीं, मौके से तीन अन्य आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से अवैध गांजा, हथियार, एक छोटा हाथी और एक क्रेटा कार भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में नशे का कारोबार कर रहा था और वाहनों के जरिए सप्लाई नेटवर्क चला रहा था।
घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से उनके अन्य साथियों और सप्लाई चैन के बारे में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।