मुजफ्फरनगर। जिले के फुगाना थाना क्षेत्र स्थित एक वाटर पार्क में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार के साथ घूमने आए पांच वर्षीय बालक की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, भौराकलां थाना क्षेत्र के सदरूद्दीन नगर मजरा निवासी कपिल कुमार अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ रविवार सुबह एक वाटर पार्क में घूमने पहुंचे थे। उनके साथ उनका पांच वर्षीय बेटा चिंटू और परिवार के अन्य बच्चे भी मौजूद थे।


बताया गया कि पार्क में बड़े सदस्य अलग पूल में मनोरंजन कर रहे थे, जबकि बच्चे बच्चों के लिए बनाए गए पूल में खेल रहे थे। इसी दौरान चिंटू खेलते-खेलते बच्चों के सेक्शन से निकलकर बड़े लोगों के लिए बने पूल की ओर पहुंच गया। वहां पानी की गहराई अधिक होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में डूबने लगा।

पूल के आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को संघर्ष करते देखा तो तुरंत शोर मचाया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।


परिवार के सदस्यों ने बताया कि हादसा कुछ ही पलों में हो गया। जब तक स्थिति का पता चलता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बच्चे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और वाटर पार्कों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।