नूरपुर: नूरपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क में शामिल मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को जम्मू के कठुआ से विजय कुमार उर्फ वीके को पकड़कर नूरपुर लाया। यह गिरफ्तारी 11 अक्टूबर 2025 को नूरपुर पुलिस थाना में दर्ज एफआईआर के तहत की गई कार्रवाई का हिस्सा है।
इस मामले में पहले ही 6.044 किग्रा चरस के साथ अनु कुमार (गांव त्ररेला), सुरेश कुमार और राम लाल (द्रोण, तहसील पद्दर, जिला मंडी) को कंडवाल बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान शुभकरण (समकेहर, तहसील जवाली, जिला कांगड़ा) की संलिप्तता सामने आई थी और उसे 1 नवंबर 2025 को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया था।
जांच में यह खुलासा हुआ कि विजय कुमार को चरस की खेप प्राप्त करनी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 मार्च 2026 को उसे उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया।
गुरदासपुर से चिट्टा तस्करी का पर्दाफाश
सीआईए डमटाल विंग की टीम ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के एक अन्य मामले में गुरदासपुर और पंजाब से आरोपी गिरफ्तार किए हैं। इंदौरा पुलिस थाना के तहत एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज इस मामले में 5 दिसंबर 2025 को आरोपी राकेश उर्फ मुन्ना (डीडा सांसियां, दीनानगर, गुरदासपुर) से 62.66 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 50 हजार रुपये बरामद किए गए थे।
जांच और वित्तीय लेन-देन के विश्लेषण के दौरान रोहित कुमार (शामपुर, बटाला, पंजाब) की संलिप्तता भी सामने आई। नूरपुर पुलिस की सीआईए टीम ने रोहित को 21 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया और नूरपुर ले आई।
पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और नूरपुर पुलिस की टीम ने गुरदासपुर और जम्मू के कठुआ से अंतरराज्यीय नशा तस्करी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्यवाही की है।