मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (MDA) ने शामली क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कैराना रोड पर लगभग 9 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया, जबकि एक अन्य कॉलोनी को सील कर दि या गया।

जानकार के अनुसार, कैराना रोड पर पंकज कुमार और महावीरी देवी द्वारा बिना स्वीकृत नक्शे के “VIP Residency” नाम से अवैध रूप से प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। विभाग की ओर से पहले भी इस मामले में नोटिस जारी किए जा चुके थे और चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश भी पारित किए गए थे। इसके बावजूद निर्माण और प्लॉटिंग का कार्य जारी रहा।

इसके बाद बुधवार को MDA की टीम मौके पर पहुंची और करीब 9 बीघा क्षेत्र में फैली अवैध प्लॉटिंग को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की सहायता से सड़कें, बाउंड्री और अन्य अवैध निर्माण पूरी तरह हटाए गए।

इसी दौरान कैराना रोड स्थित बजाज ऑटो शोरूम के सामने वाली गली में बनी कृष्णा विहार कॉलोनी पर भी कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने इसे सील कर दिया, क्योंकि यहां भी बिना आवश्यक अनुमति के विकास कार्य किए जा रहे थे।

यह पूरी कार्रवाई MDA उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या के निर्देश पर की गई। मौके पर अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित प्राधिकरण की टीम और पुलिस बल मौजूद रहा।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।