लखनऊ. दूसरे राज्यों में होने वाली मतगणना में जाने वाले प्रेक्षकों को कोरोना जांच कराना जरूरी होगा. दरअसल, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणना में राज्य से कुछ आईएएस अधिकारी प्रेक्षक के रूप में जाएंगे जिन्हें आरटीपीसीआर टेस्ट करवाना अनिवार्य होगा. इसके लिए 27 और 28 अप्रैल को सरकारी अस्पतालों में जांच की सुविधा दी गई है.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने इस संबंध में नियुक्ति विभाग को निर्देश जारी किया है. निर्देश के अनुसार 2 मई को होने वाली मतगणना को ध्यान में रखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने प्रेक्षक ड्यूटी के लिए नियुक्त आईएएस अधिकारियों की आरटीपीसीआर जांच कराना अनिवार्य किया है.
आपको बता दें कि लखनऊ में तैनात अधिकारियों के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में जांच की सुविधा दी गई है. मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के पत्र के आधार पर नियुक्ति विभाग ने प्रेक्षक की ड्यूटी में लगाए गए अफसरों को आरटीपीसीआर जांच कराने का निर्देश दिया है.