शाहजहांपुर जिले में शाहजहांपुर–पलिया हाईवे पर पुवायां थाना क्षेत्र के भूड़ा मैनारी ओवरब्रिज के पास गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान निगोही क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर बगिया निवासी अरुण कुमार उर्फ कन्हैया (40), उनकी पत्नी सीमा देवी (35), बेटी दीक्षा (8) और बेटा नैतिक (6) के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, अरुण अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पुवायां के गांव सिरखिड़ी में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। 28 अप्रैल को वे समारोह में शामिल हुए थे और गुरुवार को बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भूड़ा मैनारी ओवरब्रिज के पास उनकी बाइक को बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को पुवायां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई, जबकि बोलेरो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि बोलेरो पुवायां क्षेत्र की है।

परिजनों के अनुसार, अरुण मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके घर में एक और बेटी प्रांशी भी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, और परिजन गहरे सदमे में हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रवीण मलिक ने बताया कि वाहन की पहचान कर ली गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।