उत्तर प्रदेश। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार देर रात राज्य के 14 जिलों में नए जिलाध्यक्षों के नामों का ऐलान किया। प्रदेश चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय ने यह घोषणा की। यह पद जिले स्तर पर हुए संगठन चुनावों के बाद लंबित था।
अलीगढ़ में फिर से जिला पंचायत सदस्य कृष्णपाल सिंह लाला को जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के पद पर इंजी. राजीव शर्मा को नामित किया गया। खबर के बाद दोनों खेमों में खुशी की लहर दौड़ गई और देर रात बधाई संदेशों का सिलसिला शुरू हो गया। बता दें कि दोनों 16 सितंबर 2023 को पहली बार अध्यक्ष बने थे।
भाजपा में संगठन चुनाव की प्रक्रिया वर्ष की शुरुआत में शुरू हुई थी। तब इन दोनों पदों के लिए 50 से अधिक उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की थी। मार्च में किसी कारणवश चुनाव स्थगित हो गया था, हालांकि आधिकारिक रूप से कोई पुष्टि नहीं हुई। अधिकांश जिलों में पहले ही अध्यक्ष घोषित किए जा चुके थे, लेकिन अलीगढ़, एटा और हाथरस को छोड़ दिया गया था। अब बुधवार देर रात 14 नए अध्यक्षों का ऐलान कर दिया गया, जिसमें हाथरस में प्रेम सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई।
मेरठ में अति पिछड़ा वर्ग के नेता को जिम्मेदारी
मेरठ में अति पिछड़ा वर्ग के दिग्गज नेता हरवीर पाल को जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया। भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा ने बताया कि पश्चिम क्षेत्र में मेरठ जिला इकाई में हरवीर पाल और हापुड़ में कविता माधरे को जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है।
हरवीर पाल उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य और वर्तमान में भाजपा पिछड़ा वर्ग के क्षेत्रीय अध्यक्ष हैं। भावनपुर निवासी हरवीर पाल पहले तीन बार जिला इकाई में महामंत्री रह चुके हैं और लंबे समय से जिलाध्यक्ष पद के दावेदार थे।
भाजपा ने हरवीर पाल को जिलाध्यक्ष बनाकर अति पिछड़ा वर्ग का कार्ड खेला है। इससे पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को झटका लगा है, जो अपने समर्थकों के लिए पद की लॉबिंग में लगे थे। यही कारण था कि महानगर अध्यक्ष के साथ जिलाध्यक्ष की घोषणा अब तक नहीं हो पाई थी।