यूपीटीईटी परीक्षा में नकल कराने के आरोप में पुलिस ने प्रयागराज के खुल्दाबाद से सॉल्वर गैंग के 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें तीन लेखपाल भी शामिल हैं। सभी को प्रयागराज जंक्शन के पास से गिरफ्तार किया गया। यह लोग दूसके के स्थान पर परीक्षा देने के लिए आए थे। इसी तरह नैनी में एक प्रतियोगी छात्र को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस तरह कुल 14 लोग गिरफ्तार हुए।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इसी तरह पुलिस ने नैनी में औद्योगिक क्षेत्र में एक सेंटर पर दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते एक सॉल्वर को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया। नैनी में टीईटी प्राथमिक लेवल की परीक्षा में एसटीएफ ने शिवबालक सिंह इंटर कॉलेज बरामार थाना औद्योगिक क्षेत्र परीक्षा केंद्र से विजय बहादुर सरोज पुत्र सट्ठा राम निवासी मीठीपार जिला जौनपुर को गिरफ्तार किया।

इसके पास से कूटरचित प्रवेश पत्र, ओएमआर शीट, प्रवेश पत्र, कूटरचित आधार कार्ड, दीपक कुमार के नाम पर बीटीसी का अंकप्तर, पैनकार्ड और 4500 रुपया नकद बरामद किया गया। छानबीन के दौरान पता चला कि यह मूल अभ्यर्थी दीपक कुमार पुत्र दिनेश कुमार निवासी बिट्ठलपुर, केवाई बुजुर्ग थाना सरायममरेज प्रयागराज के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। आरोपी विजय ने बताया कि वह प्रयागराज के सलोरी में किराए के मकान में रहता है। 35 हजार रुपये में सौदा हुआ था। पांच हजार रुपये एडवांस मिले थे।