पिथौरागढ़ जिले के अस्कोट क्षेत्र में शुक्रवार तड़के भूस्खलन से एक मकान धराशायी हो गया, जिसमें सो रहे युवक की दबकर मौत हो गई। घटना में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, रसगाड़ी के ओजपाली तोक में पहाड़ी से निकला मलबा और बोल्डर ललित मोहन जोशी के घर की छत तोड़ते हुए अंदर घुस गया। मकान में सो रहे उनके 22 वर्षीय पुत्र भुवन जोशी मलबे में दब गए। भारी मात्रा में मलबे के कारण स्थानीय लोगों के लिए उन्हें निकालना मुश्किल था।
ग्रामीणों ने तुरंत राजस्व और पुलिस को सूचित किया। टीमों ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल मलबा हटाया, लेकिन तब तक भुवन की जान नहीं बच सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहसीलदार पिंकी आर्या ने बताया कि मृतक के परिवार को सरकारी सहायता राशि प्रदान की गई।