नोएडा। दिल्ली–एनसीआर के यात्रियों के लिए हवाई यात्रा के नए विकल्प सामने आने के साथ ही किराए की तुलना भी चर्चा में आ गई है। 15 जून को नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान दिल्ली की तुलना में महंगी पड़ रही है।

जानकारी के अनुसार, 15 जून को नोएडा से लखनऊ जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट का किराया 5149 रुपये तय किया गया है, जबकि उसी दिन दिल्ली से लखनऊ की उड़ान के लिए किराया 3394 रुपये रखा गया है। यानी दिल्ली से यात्रा करना यात्रियों के लिए अधिक किफायती साबित हो रहा है।

नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 15 जून से लखनऊ के अलावा हैदराबाद, अमृतसर और बेंगलुरु के लिए भी उड़ानें शुरू होने जा रही हैं। शुरुआती चरण में कुल चार शहरों के लिए सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके बाद आने वाले दिनों में एयरलाइन ने 16 शहरों के लिए विस्तृत उड़ान कार्यक्रम तैयार किया है।

कई गंतव्यों पर किराए की तुलना में दिल्ली और नोएडा से उड़ानों की कीमतें लगभग समान रखी गई हैं। उदाहरण के तौर पर हैदराबाद के लिए दोनों स्थानों से किराया करीब 6129 रुपये है। इसी तरह अमृतसर के लिए इकोनॉमी क्लास का किराया दिल्ली और नोएडा दोनों से लगभग 3499 रुपये रखा गया है। बेंगलुरु के लिए भी किराए में कोई बड़ा अंतर नहीं देखा गया है।

दिल्ली और नोएडा से यात्रा के समय की तुलना करें तो सड़क मार्ग से नोएडा से लखनऊ पहुंचने में लगभग पांच से छह घंटे लगते हैं, जबकि दिल्ली से वंदे भारत एक्सप्रेस से यह यात्रा करीब छह घंटे से अधिक समय लेती है। इस ट्रेन का किराया लगभग 2420 रुपये है।

इसके मुकाबले, नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए हवाई यात्रा लगभग एक घंटे में पूरी हो जाएगी, जिससे यात्रियों को समय की बड़ी बचत मिलेगी।