पंजाब में मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी, संजीव अरोड़ा को मिल सकता है मंत्री पद

आम आदमी पार्टी की सरकार एक बार फिर पंजाब में मंत्रिमंडल के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को राज्यपाल गुलाब चंद्र कटारिया से मुलाकात के बाद बताया कि लुधियाना उपचुनाव के दौरान जनता से किए वादे के अनुसार संजीव अरोड़ा को मंत्री पद दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी दो-तीन दिनों में मंत्रिमंडल में बदलाव किया जाएगा।

मुख्यमंत्री मान बुधवार को दिल्ली रवाना होंगे, जहां लुधियाना और गुजरात में पार्टी की चुनावी जीत का जश्न मनाया जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में जालंधर उपचुनाव के बाद मोहिंदर भगत को मंत्री पद की शपथ दिलाकर जनता से किया गया वादा निभाया गया था। जब उनसे यह पूछा गया कि क्या और नए चेहरे भी मंत्रिमंडल में शामिल होंगे, तो उन्होंने इस पर स्पष्ट टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि “सभी बातें एक दिन में नहीं बताई जा सकतीं।”

राज्यसभा सदस्य को मंत्री पद की तैयारी

संजीव अरोड़ा, जो वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं, अब विधायक बनने के बाद मंत्रिमंडल में शामिल किए जाएंगे। एक अन्य संभावित नाम अमृतसर से पूर्व मंत्री डॉ. इन्द्रबीर सिंह निज्जर का भी है, जिन्हें पहले मंत्री पद से हटाया गया था। इस बदलाव के साथ मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में पिछले तीन वर्षों में यह सातवां मंत्रिमंडलीय फेरबदल होगा। हर बार क्षेत्रीय संतुलन और पार्टी प्रदर्शन को आधार बनाया गया है।

चंडीगढ़ में पार्टी कार्यालय के लिए मुख्यमंत्री का आग्रह

सीएम मान ने राज्यपाल से मुलाकात के दौरान चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के लिए कार्यालय उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया। उन्होंने कहा कि आप अब राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त कर चुकी है और पंजाब की सत्ता में है। इसके अलावा पार्टी के गोवा, लुधियाना और गुजरात में भी प्रतिनिधित्व है। ऐसे में चंडीगढ़ जैसे केंद्र शासित प्रदेश में पार्टी कार्यालय मिलना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल को पहले ही वहां स्थान मिला हुआ है। राज्यपाल ने नियमों के तहत सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मान का हमला: अकाली दल को राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए

उपचुनावों में शिरोमणि अकाली दल के प्रदर्शन को लेकर सीएम मान ने तीखा तंज कसा और कहा कि अब यह पार्टी राजनीति से संन्यास ले ले। उन्होंने कहा कि अकाली दल कभी चुनाव से किनारा कर लेता है और कभी लौट आता है। भाजपा-अकाली दल के संभावित गठबंधन को लेकर उन्होंने कटाक्ष किया कि उनका संबंध चूहे और कछुए जैसा है, जो अंततः एक-दूसरे के लिए नुकसानदायक साबित होगा।

कांग्रेस की गुटबाजी और धान की बुआई पर भी बोले मान

कांग्रेस की आंतरिक कलह पर सीएम मान ने कहा कि जिस घर में मुखिया की नहीं चलती, वहां बिखराव तय है और कांग्रेस उसी स्थिति से गुजर रही है। धान की जल्दी बुआई को लेकर उन्होंने बताया कि यह निर्णय मिट्टी में नमी की समस्या के समाधान के रूप में लिया गया है।

कांग्रेस का आरोप: आप-भाजपा में हुआ अंदरूनी समझौता

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच गुप्त समझौता हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हराने के लिए दोनों पार्टियों ने रणनीतिक गठबंधन किया और भाजपा ने अपने वोट आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, उन्होंने पार्टी में किसी भी गुटबाजी से इनकार किया और हार का कारण बाहरी गठजोड़ को बताया।

Read News: सीतापुर के जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार सस्पेंड, कृषि मंत्री ने की कार्यवाही

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here