डेंगू-मलेरिया रोकथाम के लिए 20 दिनों में राज्यों को कार्ययोजना बनानी होगी: नड्डा

हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण कई जगह पानी जमा हो गया है, जिससे मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि डेंगू और मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बीस दिनों के भीतर एक स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए।
नड्डा ने बुधवार को देश में डेंगू और मलेरिया की स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बयान में बताया कि बैठक में नड्डा ने राज्यों, स्थानीय निकायों और समुदायों से आग्रह किया कि वे उच्च जोखिम वाले इस समय में रोकथाम और नियंत्रण के उपाय तेज करें, ताकि मच्छरजनित बीमारियों पर अब तक हुई उपलब्धियां बनी रहें।
उन्होंने कहा कि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों को रोकने के लिए राज्यों को सक्रिय और मिलकर काम करना आवश्यक है। स्वास्थ्य मंत्रियों को स्थिति की समीक्षा कर 20 दिनों के भीतर रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए। नगर निगम, पंचायत और स्थानीय निकायों को जनजागरूकता अभियान तेज करने की हिदायत दी गई।
सभी अस्पतालों को यह सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए कि पर्याप्त दवाइयां, जांच सुविधाएं, बिस्तर और मच्छर-मुक्त परिसर मौजूद हों। इसमें केंद्र के अधीन अस्पताल भी शामिल हैं। दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र के लिए विशेष उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने का भी आदेश दिया गया, ताकि डेंगू की स्थिति का गहन आकलन हो सके और तैयारियां समय से पूरी हों।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि भारत ने मलेरिया नियंत्रण में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। 2015 से 2024 के बीच मलेरिया के मामलों में 78 फीसदी की कमी आई है और इससे होने वाली मौतों में भी लगभग 78 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.