UPTET 2026: दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण परीक्षा जारी

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का आयोजन दूसरे दिन भी सख्त सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा। शुक्रवार सुबह पहली पाली की परीक्षा तय समय 9:30 बजे शुरू हुई, जो 11:30 बजे तक चली। इसके बाद दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन और पुलिस की टीमें पूरी तरह सतर्क नजर आईं। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई है। करीब 11 हजार अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिसके चलते केंद्रों पर सुबह से ही भीड़ और लंबी कतारें देखने को मिलीं।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की तीन चरणों में सख्त जांच की जा रही है। सबसे पहले दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है, इसके बाद शारीरिक तलाशी और फिर AI आधारित कैमरों व बायोमेट्रिक सिस्टम से पहचान की पुष्टि की जा रही है। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही उम्मीदवारों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन लगातार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों और मजिस्ट्रेटों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत केंद्रों के अंदर और बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मोबाइल पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, जबकि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या फर्जी सूचना फैलने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नकल कराने वाले गिरोह, फर्जी अभ्यर्थियों या परीक्षा की व्यवस्था में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.