ग्रेटर नोएडा। घरेलू विवाद के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने ऊंची इमारत से छलांग लगाकर जान दे दी। मामला मंगलवार शाम का है, जब पैरामाउंट इमोशंस सोसायटी के टॉवर-सी में रहने वाले युवक ने 16वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 38 वर्षीय शत्रुघ्न सिन्हा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के पटना के रहने वाले थे। वे पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे, लेकिन पिछले करीब छह महीने से नौकरी नहीं होने के कारण मानसिक दबाव में थे। उनकी पत्नी एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शत्रुघ्न का पत्नी से अक्सर पारिवारिक विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ गई। आरोप है कि युवक ने शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करने की कोशिश की। इस दौरान पत्नी की बहन ने बीच-बचाव किया, तो शत्रुघ्न ने रसोई में रखे चाकू से उनके हाथ पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पत्नी ने पुलिस को कॉल किया। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही शत्रुघ्न ने फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद किया और बालकनी में जाकर नीचे छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल यथार्थ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बिसरख थाना पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजन मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।