शेयर बाजार में टाटा की नई चाल, टाटा कैपिटल लाएगी मेगा आईपीओ

टाटा ग्रुप की वित्तीय सेवाओं से जुड़ी कंपनी टाटा कैपिटल जल्द ही शेयर बाजार में कदम रखने जा रही है। कंपनी ने अपने अनुमानित ₹15,000 करोड़ के प्रारंभिक सार्वजनिक प्रस्ताव (IPO) के लिए बाजार नियामक SEBI के पास जरूरी प्रारंभिक दस्तावेज जमा कर दिए हैं। खास बात यह है कि यह फाइलिंग गोपनीय प्री-फाइलिंग रूट के माध्यम से की गई है।

इस इश्यू के तहत नई इक्विटी शेयरों की पेशकश के साथ-साथ टाटा सन्स भी अपनी हिस्सेदारी में कटौती करेगा। फिलहाल टाटा सन्स की टाटा कैपिटल में करीब 93% हिस्सेदारी है।

टाटा कैपिटल को भारतीय रिज़र्व बैंक ने ‘अपर लेयर’ एनबीएफसी के रूप में वर्गीकृत किया है। आरबीआई के नियमानुसार, टाटा सन्स और टाटा कैपिटल दोनों को सितंबर 2025 तक सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध होना अनिवार्य है।

आईपीओ के जरिए कंपनी लगभग 2.3 करोड़ नए शेयर जारी करेगी, जबकि कुछ मौजूदा निवेशक भी अपने हिस्से के शेयर बाजार में बेचेंगे।

अगर यह प्रस्ताव सफल रहता है, तो यह भारत के वित्तीय क्षेत्र के सबसे बड़े आईपीओ में से एक बन सकता है। टाटा ग्रुप के लिए भी यह एक और महत्वपूर्ण लिस्टिंग होगी। इससे पहले 2023 में टाटा टेक्नोलॉजीज़ के IPO को निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था।

वित्त वर्ष 2024 में टाटा कैपिटल का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। कंपनी की कुल आय में 34% की बढ़ोतरी दर्ज की गई जो ₹18,178 करोड़ तक पहुंची। वहीं, शुद्ध लाभ ₹3,150 करोड़ रहा, जो कंपनी के लिए अब तक का सर्वोच्च स्तर है। लोन बुक ने भी ₹1 लाख करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।

वर्तमान वित्त वर्ष की पहली छमाही में भी टाटा कैपिटल ने 21% लाभ वृद्धि के साथ ₹1,825 करोड़ का मुनाफा कमाया है।

टाटा कैपिटल, टाटा समूह की मुख्य वित्तीय सेवा कंपनी है, जो कंज्यूमर लोन, कमर्शियल फाइनेंस, वेल्थ मैनेजमेंट और क्रेडिट कार्ड सेवाएं प्रदान करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here