केरल हाईकोर्ट में फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ का सेंसर सर्टिफिकेट रद्द करने की मांग को लेकर याचिका दाखिल की गई है। यह याचिका कन्नूर के चित्तरीपरम्बा निवासी श्रीदेव नंबूदरी ने दायर की है। हाईकोर्ट ने याचिका पर सेंसर बोर्ड को नोटिस जारी किया है और प्रोड्यूसर सनशाइन पिक्चर्स को भी जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 24 फरवरी को होगी।
क्यों बढ़ा विवाद?
फिल्म के ट्रेलर के रिलीज होते ही विवाद शुरू हो गया। कथानक में ‘लव जिहाद’ जैसे संवेदनशील मुद्दे को दिखाया गया है, जिसे लेकर कई लोगों ने आपत्ति जताई और सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हुई। इस पर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने ट्विटर पर अपील की कि लोग इस फिल्म को रिजेक्ट करें और इसे “नफरत फैलाने वाली” बताया।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ
फिल्म के विरोध में सिर्फ केरल सीएम ही नहीं थे। महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आजमी और कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल ने फिल्म की कड़ी निंदा की। वहीं, भाजपा केरल अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने फिल्म का समर्थन करते हुए इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा बताया।
फिल्म की कहानी और रिलीज डेट
फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2 - गो बियॉन्ड’ में तीन लड़कियों के धर्म बदलने की कहानी दिखाई गई है, जिसमें ‘लव जिहाद’ का मुद्दा प्रमुख है। फिल्म में अदिति भाटिया, उल्का गुप्ता और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में हैं। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट 27 फरवरी तय की है।