ईरान में देशभर में जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच शुक्रवार को सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का एक भाषण सरकारी टीवी पर प्रसारित किया गया। इस दौरान उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनकी घमंडी हरकतों का अंत एक दिन अवश्य होगा।
खामेनेई ने कहा कि ईरान हजारों शहीदों के बलिदान से बना है और कोई भी देश विरोधी साजिश इसे अपने कदम पीछे हटाने के लिए मजबूर नहीं कर सकता। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि सरकार विरोधी ताकतें चाहे जितनी कोशिश करें, देश अपने रास्ते पर डटा रहेगा।
जनता के लिए संदेश
तेहरान में हो रहे प्रदर्शनों का हवाला देते हुए खामेनेई ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी अमेरिका के समर्थन में यह विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ट्रंप पहले अपने देश की समस्याओं को हल करता, तब दूसरों के मामलों में दखल देता। खामेनेई ने अमेरिका की आंतरिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि अमेरिका खुद कई संकटों का सामना कर रहा है।
प्रदर्शन और सरकार की प्रतिक्रिया
गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक ईरान के विभिन्न शहरों में हजारों लोग सड़कों पर उतरे। प्रदर्शन पूर्व शाही परिवार के निर्वासित सदस्य के आह्वान के बाद शुरू हुए। लोग सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे और मार्च निकाल रहे थे। हालात को काबू में रखने के लिए सरकार ने इंटरनेट और बाहरी फोन कनेक्शन पर रोक लगा दी है।
हवाई सेवाओं पर असर
इन विरोधों का असर हवाई सेवाओं पर भी देखा गया। दुबई और ईरानी शहरों के बीच कम से कम छह उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिनमें तेहरान, शिराज और मशहद शामिल हैं। यह जानकारी दुबई एयरपोर्ट की वेबसाइट से मिली।
सरकारी मीडिया का आरोप
ईरानी सरकारी टीवी चैनल ने हिंसा के पीछे अमेरिका और इज़राइल से जुड़े एजेंटों का हाथ होने का दावा किया। मीडिया के अनुसार इन लोगों ने आगजनी और उपद्रव फैलाने में योगदान दिया। हालांकि, किसी के हताहत होने या घायल होने की सटीक संख्या नहीं बताई गई। फिलहाल देश की स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण बनी हुई है और सरकार सख्ती से हालात नियंत्रण में रखने की कोशिश कर रही है।