गुजरात के मोरबी-हलवद हाईवे पर चरड़वा गांव के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार फैक्ट्री से निकल रहे डंपर से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग हलवद तालुका के रणछोड़गढ़ गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि ये सभी एक घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के लिए तेजी से जा रहे थे।
घटना की पृष्ठभूमि भी बेहद दर्दनाक है। रणछोड़गढ़ गांव के दिलीप दहैया के 24 वर्षीय पुत्र परेश दहैया का कुछ देर पहले बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के उद्देश्य से परिजन और ग्रामीण उसे कार से लेकर निकल पड़े थे।
रात करीब 9:30 बजे जब उनकी कार चरड़वा गांव के पास एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक डंपर ने अचानक मोड़ लिया। तेज रफ्तार में चल रही कार डंपर से जा टकराई और टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग फंस गए।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने जेसीबी मशीन की मदद से कार को काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान सुरेश सिहोरा (45), वीरम दहैया (28), परेश दहैया (24), प्रेमजी दहैया और भरत दहैया के रूप में हुई है। वहीं, प्रकाश दहैया और दिलीप दहैया गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज मोरबी और राजकोट के अस्पतालों में चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही हलवद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।