देश के कई हिस्सों में मानसून की बारिश राहत के बजाय आफत बनकर बरस रही है। विशेषकर पहाड़ी राज्यों में बादल फटने और बिजली गिरने की घटनाओं से जन-धन की हानि हुई है। हिमाचल प्रदेश में बारिश के बाद लगातार हो रहे भूस्खलन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
दिल्ली-एनसीआर में भी पिछले 24 घंटों से रुक-रुककर हो रही बूंदाबांदी से सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे यातायात बाधित हुआ और कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 7 से 8 दिनों तक राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर हल्की वर्षा होती रहेगी।
दिल्ली का तापमान और मौसम पूर्वानुमान
शुक्रवार सुबह दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को इसमें बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि दोपहर तक तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हवा की गति 3 से 4 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है, जबकि आर्द्रता 46% के आसपास बनी रह सकती है।
यूपी के 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 12 जुलाई को आगरा, मथुरा, झांसी, इटावा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, जालौन, ललितपुर और महोबा सहित 14 जिलों में तेज बारिश की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है।
मुंबई का मौसम
मुंबई में शनिवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय हल्की वर्षा संभव है और दिन में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
देश के अन्य हिस्सों में मौसम का हाल
पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, अंडमान-निकोबार और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।