असम में दिल्ली धमाके के बाद सोशल मीडिया पोस्ट करने वाले 15 लोग गिरफ्तार

गुवाहाटी। दिल्ली में हुए लाल किला धमाके के बाद सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के आरोप में असम पुलिस ने अब तक कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को इस जानकारी की पुष्टि की। गुरुवार को नौ और लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बुधवार को छह लोग हिरासत में लिए गए थे।
मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि बुधवार रात के बाद गिरफ्तार किए गए नौ आरोपियों में बोंगाईगांव के रफीजुल अली, हैलाकांडी के फरीद उद्दीन लश्कर, लखीमपुर के इनामुल इस्लाम और फिरुज अहमद उर्फ पापोन, बारपेटा के शाहिल शोमन सिकदर उर्फ शाहिदुल इस्लाम और रकीबुल सुल्तान, होसाई के नसीम अकबर, कामरूप के तसलीम अहमद और दक्षिण सालमारा के अब्दुर रहीम मोल्ला उर्फ बैप्पी हुसैन शामिल हैं।
सरमा ने कहा कि असम पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरतेगी, जो हिंसा या आतंकवाद का समर्थन करते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 35 संदिग्धों की पहचान की गई है और उनके संबंधों की जांच की जा रही है। यदि किसी का बांग्लादेश या किसी अन्य देश से संपर्क पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नाबालिग या जो लोग अनजाने में अपने सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल कर रहे हैं, उन्हें नहीं छेड़ा जाएगा। लेकिन जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि कई लोग अब अपनी आपत्तिजनक पोस्ट हटा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने उनके स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिए हैं।
गौरतलब है कि 10 नवंबर की शाम को दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में धमाका हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। इस घटना के बाद केंद्रीय जांच एजेंसियां आतंकी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.